बोकारो में हिंदुस्तान पुल से दामोदर नदी में महिला लापता, दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी

बोकारो: जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पुल से दामोदर नदी में महिला के लापता होने के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। पिछरी गांव निवासी 32 वर्षीय सुमन कुमारी, पत्नी मनोरंजन साव, शुक्रवार को हिंदुस्तान पुल पहुंची थीं। इसके बाद उनके नदी में लापता होने की सूचना सामने आई।

घटना की जानकारी मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और जिला आपदा प्रबंधन की टीम की मदद से दामोदर नदी में महिला की तलाश शुरू की गई। शुक्रवार देर शाम तक सर्च अभियान चलाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका।

तेनुघाट डैम के दो रेडियल गेट बंद

जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार के अनुसार, शुक्रवार शाम तक महिला का पता नहीं चल पाया था। शनिवार सुबह से एक बार फिर व्यापक स्तर पर नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

महिला की तलाश को आसान बनाने और नदी का जलप्रवाह कम करने के उद्देश्य से तेनुघाट डैम के दो रेडियल गेट बंद किए गए हैं। इसके बाद राहत और बचाव दल नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोज अभियान चला रहे हैं।

महिला के नदी में जाने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, महिला के नदी में जाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

सर्च ऑपरेशन में पेटरवार थाना पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर और जिला आपदा प्रबंधन की टीम लगातार जुटी हुई है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि महिला के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके।

बोकारो में हिंदुस्तान पुल से महिला दामोदर नदी में लापता, दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!