श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल की उंगली में चोट, वार्म-अप मैच से बाहर

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई है। चोट के बाद BCCI की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

सावधानी के तौर पर गिल श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की XI के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं। BCCI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि गिल को गुरुवार के प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी।

15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

SLC XI ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा।

भारतीय टीम पहले से ही चोटों की समस्या से जूझ रही है। जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण सीरीज से बाहर हैं। उनकी जगह अकीब नबी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण पहले टेस्ट से बाहर हैं, जबकि आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं।

WTC 2025-27 का हिस्सा है सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत फिलहाल WTC स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर है।

भारत ने अब तक नौ मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में गिल की उपलब्धता टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम

  • शुभमन गिल (कप्तान)
  • केएल राहुल (उप-कप्तान)
  • यशस्वी जायसवाल
  • ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
  • साई सुदर्शन
  • ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
  • रवींद्र जडेजा
  • कुलदीप यादव
  • मानव सुथार
  • मोहम्मद सिराज
  • प्रसिद्ध कृष्णा
  • गुरनूर बराड़
  • देवदत्त पडिक्कल
  • सारांश जैन
  • औकिब नबी
Shubman Gill Injury: श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल की उंगली में चोट, वार्म-अप मैच से बाहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!