भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने थामा RJD का दामन, छपरा सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव 2025

पटना, 17 अक्टूबर (BD News Live On Network):
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने आखिरकार राजनीति में कदम रख दिया है। उन्होंने अपनी पत्नी चंदा देवी के साथ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम लिया। पार्टी की सदस्यता उन्होंने तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में ग्रहण की।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, खेसारी लाल यादव को छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यह सीट भोजपुरी बेल्ट की सबसे अहम मानी जाती है, जहां से कई बड़े नेता चुनावी किस्मत आजमा चुके हैं।

मीडिया से बातचीत में खेसारी ने कहा,

“मैं अभिनेता जरूर हूं, लेकिन बिहार का बेटा हूं। राजनीति मेरे लिए सेवा का माध्यम है, मैं हर घर तक विकास और न्याय की आवाज़ पहुँचाना चाहता हूं।”

पहले ऐसी खबरें थीं कि उनकी पत्नी चंदा देवी को टिकट मिल सकता है, लेकिन अब पार्टी ने साफ किया है कि चुनावी मैदान में खेसारी खुद उतरेंगे।

तेजस्वी यादव ने खेसारी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा,

“खेसारी लाल यादव युवाओं की आवाज़ हैं और भोजपुरी समाज का गौरव हैं। उनके आने से पार्टी और मज़बूत होगी।”

खेसारी के राजनीति में आने से छपरा क्षेत्र में चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। आरजेडी को उम्मीद है कि उनकी लोकप्रियता और भोजपुरी फैंस का सपोर्ट वोटों में तब्दील होगा।
सोशल मीडिया पर भी खेसारी के राजनीति में आने की खबर छाई रही, जहां #KhesariLalYadav ट्रेंड करता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!