जलवायु परिवर्तन और सूखे के खतरे पर झारखंड सरकार अलर्ट

नई दिल्ली/रांची। झारखंड में संभावित सूखे और बदलते मौसम की परिस्थितियों को लेकर राज्य सरकार ने चिंता जताई है। नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित राज्यों के कृषि मंत्रियों की समीक्षा बैठक में झारखंड सरकार ने किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

बैठक में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने संभावित टिड्डी हमले, उर्वरकों की उपलब्धता, जलवायु परिवर्तन और किसानों के हितों से जुड़े विषयों पर राज्य का पक्ष मजबूती से रखा।

टिड्डी हमले को लेकर सरकार सतर्क

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि संभावित टिड्डी हमले के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पहले से ही सतर्क है। इस संबंध में आकस्मिक कार्ययोजना तैयार की गई है और संवेदनशील जिलों की पहचान कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कृषि कार्यशालाओं का आयोजन कर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही बदलते मौसम और जलवायु परिस्थितियों के अनुसार आधुनिक एवं उपयुक्त कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है।

केंद्र से राहत पैकेज की मांग

बैठक के दौरान झारखंड सरकार ने केंद्र सरकार से प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की। राज्य सरकार का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और सूखे जैसी परिस्थितियों का सीधा असर किसानों की आय और फसलों पर पड़ सकता है।

सरकार का मानना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर किसानों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!