खान सर की कोचिंग में लगी आग, धुआं फैलते ही छात्रों को कराया गया बाहर; फायर सेफ्टी पर फिर उठे सवाल

पटना: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बिजली बोर्ड के तार में लगी थी। घटना के समय संस्थान में नियमित कक्षाएं चल रही थीं। धुआं फैलते ही छात्रों को तुरंत कक्षाओं से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

हाल ही में फायर सेफ्टी ऑडिट में सामने आई थीं कई कमियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली बोर्ड के तार में अचानक आग लगने के बाद तेजी से धुआं फैलने लगा, जिससे छात्रों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

गौरतलब है कि खान सर और रोशन आनंद के बीच चल रहे कोचिंग विवाद के बाद अग्निशमन विभाग ने खान ग्लोबल स्टडीज का दो बार फायर सेफ्टी ऑडिट किया था। 7 जून और 23 जून को हुई जांच में अग्नि सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई कमियां सामने आई थीं। इसके बाद कोचिंग प्रबंधन को नोटिस जारी कर 10 दिनों के भीतर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

फिर उठे कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसे कई मामले सामने आए हैं। कुछ समय पहले लखनऊ में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई थी, जहां उसी भवन की लाइब्रेरी में पढ़ रहे करीब 15 छात्र-छात्राओं की मौत हो गई थी। वहीं पिछले वर्ष दिल्ली में भी एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें लोग जान बचाने के लिए ऊंची इमारतों से कूदते नजर आए थे और जान-माल का नुकसान हुआ था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि क्या कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा केवल कागजी नियमों तक सीमित है, या फिर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!