JPSC ने जारी किया संयुक्त असैनिक सेवा PT परीक्षा का रिजल्ट, 3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने बताया कि यह परिणाम झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में जारी किया गया है। संबंधित आदेश 2 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था।

आयोग के अनुसार, अभ्यर्थी अपना परिणाम JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद घोषित हुआ परिणाम

जेपीएससी ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को आयोजित संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम झारखंड हाईकोर्ट में लंबित W.P.(S) No. 1276/2026 (Vikash Chandra & Others vs The State of Jharkhand & Others) तथा इससे जुड़े अन्य मामलों में 30 जून 2026 को दिए गए आदेश के बाद प्रकाशित किया गया है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, टंकण संबंधी गलती या अन्य विसंगति पाई जाती है, तो उसे संशोधित करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन

प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 से मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

मुख्य परीक्षा के आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने से संबंधित विस्तृत जानकारी भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

अभ्यर्थियों से दिशा-निर्देश पढ़ने की अपील

जेपीएससी ने सभी सफल अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!