बिहार: बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा रही है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 30 जिलों के लिए आंधी-तूफान, तेज बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर और किशनगंज में भारी बारिश के साथ वज्रपात होने की प्रबल संभावना है।
इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। गरज-चमक के समय खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।

