अंतरराष्ट्रीय डेस्क: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार (12 जुलाई) देर रात एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका है।
आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास बचाव दल को मिली, जिसके बाद दमकल और राहत-बचाव की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से तेज लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
बिजली के स्विच के पास लगी आग, फिर हुए धमाके
हादसे के समय पब में प्रस्तुति दे रहे एक म्यूजिशियन ने बताया कि सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच के पास आग लगी। इसके बाद लगातार तेज धमाके हुए और कुछ ही मिनटों में आग तथा धुआं पूरे पब में फैल गया।
प्रधानमंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर म्यूजिशियन से भी बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
धुएं में फंसे लोग, पिछले हिस्से से मिले सबसे अधिक शव
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार आग फैलते ही लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से और टॉयलेट की ओर भागे, लेकिन घना धुआं फैलने के कारण कई लोग वहीं फंस गए।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। अधिकारियों के अनुसार मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 60 से अधिक घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
थाईलैंड में इससे पहले भी नाइट क्लब और पब में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे का कारण आतिशबाजी को माना गया था।

