आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर अपनी मां को कथित रूप से जहर मिला छोला खिलाने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने यह कदम अपनी सास के कथित उकसावे पर उठाया। घटना में महिला की तबीयत बिगड़ गई और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रवींद्र और उसकी सास फूलवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 109 और 123 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा के बरपुरा गांव की है घटना
यह घटना पिनाहट थाना क्षेत्र के बरपुरा गांव की बताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार, 9 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे रवींद्र ने अपनी मां राममूर्ति को कथित रूप से जहर मिला छोला खिलाया। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पिता ने दर्ज कराई शिकायत
राममूर्ति के पति रणवीर सिंह ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि रवींद्र ने अपनी सास फूलवती के कहने पर यह घटना अंजाम दी।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। आरोप है कि फूलवती ने रवींद्र को गटपुरा गांव बुलाकर कथित रूप से जहर की थैली दी थी।
पत्नी को घर लाने को लेकर विवाद का आरोप
शिकायत के अनुसार, रवींद्र की पत्नी लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। रवींद्र उसे वापस घर लाना चाहता था।
परिजनों का आरोप है कि फूलवती ने कथित तौर पर शर्त रखी थी कि पत्नी तभी ससुराल जाएगी, जब उसकी मां को रास्ते से हटा दिया जाएगा।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

