भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज भागलपुर जिले के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर राज्यभर के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी एक साथ शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत की जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में निजी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध होगा कॉलेज
गोराडीह स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होगा।
कॉलेज शुरू होने से गोराडीह और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
एक साथ 211 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने कार्यक्रम के दौरान बिहार के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का भी एक साथ उद्घाटन करेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इन महाविद्यालयों के संचालन से उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और विद्यार्थियों को अपने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे काशील गांव स्थित हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे नवस्थापित कॉलेज का निरीक्षण करेंगे और उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान 211 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ के साथ विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि 12:55 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।

