
रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय नाथ सहदेव, अध्यक्ष, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने विशिष्ट अतिथि श्रीमती पुष्पा हस्सा (JSSPS, खेलगांव) तथा राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और मो. फरीद के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया।
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी एवं प्रतियोगिता के आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।
इस अवसर पर अजय नाथ सहदेव ने कहा कि फुटबॉल न केवल झारखंड बल्कि पूरे विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल है और राज्य में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य में झारखंड के खिलाड़ी फीफा विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करें, यही लक्ष्य होना चाहिए।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर
स्वागत संबोधन में आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता विद्यालयी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, टीम भावना और निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की तथा प्रतियोगिता के पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन का भरोसा दिलाया।
240 खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड के पांचों प्रमंडलों की विजेता टीमों के कुल 240 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए लीग मुकाबलों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-17 बालिका वर्ग
- संथाल परगना ने कोल्हान को 7–0 से हराया।
अंडर-17 बालक वर्ग
- दक्षिण छोटानागपुर ने उत्तर छोटानागपुर को 3–1 से हराया।
- संथाल परगना और कोल्हान के बीच मुकाबला 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
अंडर-15 बालक वर्ग
- उत्तर छोटानागपुर ने दक्षिण छोटानागपुर को 2–0 से हराया।
- संथाल परगना ने कोल्हान को 4–0 से पराजित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया।
आयोजन में कई सदस्यों का रहा योगदान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य खेल कोषांग, प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

