जॉर्जिया से दो कांस्य पदक जीतकर लौटी वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी का सुदेश महतो ने किया सम्मान, बोले- युवाओं की प्रेरणा

रांची: आजसू सुप्रीमो एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने गुरुवार को अपने बुकरु स्थित आवास पर अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन की वरीय उपाध्यक्ष नेहा मेहता भी मौजूद रहीं। हाल ही में जॉर्जिया (यूरोप) के बतुमी में आयोजित बतुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप 2026 में अंजना कुमारी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर झारखंड और देश का गौरव बढ़ाया है।

बतुमी ओपन में दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान

30 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक जॉर्जिया के बतुमी शहर में आयोजित बतुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप में सिल्ली प्रखंड के बासलुरी गांव की रहने वाली अंजना कुमारी ने वुशु (ताओलू स्पर्धा) के विंग चुन और डबल डैगर इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।

विश्वस्तरीय कोच के मार्गदर्शन का दिया श्रेय

सम्मान समारोह के दौरान अंजना कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय सुदेश महतो और अपने प्रशिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि एक साधारण ग्रामीण परिवार से होने के बावजूद उन्हें वुशु की शुरुआत के लिए आवश्यक खेल किट उपलब्ध कराई गई और सिल्ली में विश्वस्तरीय कोच एस. वाहिद अली के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने का अवसर मिला।

अंजना ने कहा कि इसी सहयोग और प्रशिक्षण की बदौलत उनकी प्रतिभा को सही दिशा मिली। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए और अधिक पदक जीतने का संकल्प भी दोहराया।

झारखंड की बेटियां विश्व मंच पर कर रहीं कमाल: सुदेश महतो

इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने अंजना कुमारी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां आज विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंजना भविष्य में भी देश और राज्य का नाम रोशन करेंगी और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी।

सम्मान समारोह में झारखंड वुशु के संस्थापक शिवेंद्र नाथ दुबे, अंतरराष्ट्रीय कोच एस. वाहिद अली, प्रकाश कुमार, परवाज़ खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जॉर्जिया के बतुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप 2026 में दो कांस्य पदक जीतने वाली झारखंड की खिलाड़ी अंजना कुमारी को आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने सम्मानित किया। उन्होंने अंजना को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!