रांची, 8 नवंबर 2025: संत अन्ना विद्यालय, मांडर के प्रांगण में आयोजित इंटर स्कूल एथलीट मीट 2025 का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। इस एथलीट मीट में रांची, गुमला और एमपी प्रांत के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा और खेल दोनों का संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा, “लंबे समय तक कमरे में बंद रहकर केवल किताबी ज्ञान लेने से अधिक जरूरी है कि बच्चे मैदान में उतरें। खेल शरीर और मन दोनों को ऊर्जा देता है और छात्रों के ऑल राउंड डेवलपमेंट में मदद करता है।”
मंत्री ने सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं और विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सिस्टर सुजाता कुजूर, फादर विपिन कंडुलना, सिस्टर सरोज एक्का, सिस्टर मेरी टोप्पो, सिस्टर प्रभा कुल्लू, सिस्टर ललिता, कांग्रेस नेत्री सेराफिना मिंज, सरिता तिग्गा, बेरनादेत बेक और कुलदीप कुजूर उपस्थित थे।
आयोजकों ने बताया कि इस मीट का उद्देश्य स्कूल स्तर पर खेल को बढ़ावा देना और छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। आयोजक व स्कूल प्रतिनिधियों ने धन्यवाद प्रकट किया और कहा कि भविष्य में और भी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ भाग ले सकें।
