Kairav Gandhi Kidnapping Case, जमशेदपुर: जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण के मामले में शहर के लोगों की बेचैनी बढ़ती जा रही है. गत 13 जनवरी से लापता कैरव गांधी की बरामदगी को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आयी है. इससे आम लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है. इस बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने जनता की भावना को स्वर देने के लिए 3 फरवरी को मौन प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है.
विधायक सरयू राय के निजी सचिव ने बयान जारी कर क्या कहा
विधायक सरयू राय के निजी सचिव रिक्की केशरी ने बयान जारी कर कहा कि कैरव गांधी के अपहरण के बाद फिरौती के लिए पीड़ित परिवार के पास फोन आया है. पुलिस के जिला और प्रांत स्तर के अधिकारी लगातार यह दावा कर रहे हैं कि कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई ऐसी जानकारी नहीं दी गई है, जिससे अनुसंधान की प्रगति का स्पष्ट संकेत मिल सके. उन्होंने कहा कि रविवार को झारखंड की पुलिस महानिदेशक के जमशेदपुर आगमन से उम्मीद जगी थी कि कैरव गांधी की सकुशल वापसी को लेकर कोई शुभ संकेत मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इससे जनता की चिंता और बढ़ गई है.
