पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड में पहली बार मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल का बयान सामने आया है। उन्होंने केतन को बेहद होनहार और प्यारा युवक बताते हुए कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी सिया दोषी साबित होती है तो उसे कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह दोषी है तो उसे उसी किले के हिस्से से धक्का दे दिया जाए, जहां से कथित तौर पर केतन की हत्या की गई थी।
प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें कभी इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी का किसी और से संबंध हो सकता है। उनका कहना है कि यदि केतन या उसके परिवार को सिया के व्यवहार पर किसी तरह का संदेह था तो उन्हें समय रहते इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। उनके मुताबिक यदि दोनों परिवारों के बीच इस विषय पर बातचीत हो जाती तो शायद यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।
सिया अक्सर केतन की तारीफ करती थी
प्रवीण गोयल ने बताया कि सिया ने कभी यह नहीं कहा कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती। उनके अनुसार रिश्ता तय होने के बाद सिया काफी खुश थी और अक्सर अपनी मां से कहती थी कि केतन बहुत अच्छा लड़का है। वह अपने होने वाले सास-ससुर और ननद की भी तारीफ किया करती थी। उन्होंने कहा कि सिया ने कभी किसी अन्य युवक के साथ अपने संबंधों का जिक्र परिवार के सामने नहीं किया। उनके मुताबिक सिया केवल 19 वर्ष की एक साधारण लड़की थी और उन्हें कभी नहीं लगा कि वह इस तरह के किसी अपराध में शामिल हो सकती है।
शादी की तैयारियों को लेकर दोनों परिवार थे उत्साहित
प्रवीण गोयल ने बताया कि दोनों परिवार शादी को लेकर काफी उत्साहित थे और सभी कार्यक्रमों की तैयारियां मिलकर की जा रही थीं। उनके अनुसार केतन, सिया को बेहद पसंद करता था और उसका परिवार भी सिया को अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर चुका था। उन्होंने बताया कि 18 जून को सिया के जन्मदिन के अवसर पर केतन ने महाबलेश्वर में पूरा रिजॉर्ट बुक कराया था, जहां सभी ने साथ समय बिताया था। उनके अनुसार दोनों के बीच अच्छे संबंध दिखाई देते थे।
अफेयर की जानकारी परिवार को नहीं थी
सिया ने पुलिस को दिए अपने बयान में दावा किया है कि उसने केतन को अपने कथित अफेयर के बारे में बताया था और कहा था कि वह शादी नहीं करना चाहती। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि केतन को ऐसी कोई बात बताई गई थी तो उसे उनके परिवार को भी इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। उनका कहना है कि यदि उन्हें समय रहते यह जानकारी मिलती तो वे सिया से बात कर यह रिश्ता समाप्त कर देते।
अग्रवाल परिवार के दुख का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता
प्रवीण गोयल ने कहा कि अग्रवाल परिवार जिस पीड़ा से गुजर रहा है, उसका अनुमान लगाना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना 26 वर्षीय बेटा खो दिया है और यह उनके लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि केतन से उनका भी भावनात्मक लगाव हो गया था और वह मकान के रिनोवेशन सहित कई कार्यों में उनकी मदद करता था।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में सिया दोषी पाई जाती है तो उसे उसके अपराध के अनुसार कठोर सजा मिलनी चाहिए।
