BY Saksham Vidhu Pandey Jun 27,2026
मुंबई: अभिनेता आर. माधवन ने नई दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार अलंकरण समारोह में पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने इस सम्मान के लिए भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे भारतीय सिनेमा से जुड़े सभी कलाकारों, तकनीशियनों और अपने परिवार को समर्पित किया।
आर. माधवन ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि वह इस सम्मान को पाकर बेहद विनम्र, गौरवान्वित और भावुक महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक से सम्मानित किया जाना उनके लिए जीवनभर यादगार रहेगा। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र सरकार का भी धन्यवाद दिया, जिसने उनके नाम की अनुशंसा कर उन पर विश्वास जताया।
दर्शकों के प्यार को बताया अपनी सबसे बड़ी ताकत
माधवन ने अपने संदेश में कहा कि उनकी फिल्मों को देखने, उनके किरदारों को अपनाने, सफलताओं का जश्न मनाने और कमियों को स्वीकार करते हुए वर्षों तक उनका साथ देने वाले सभी दर्शकों का इस सम्मान में बराबर का योगदान है। उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार और विश्वास ही उनके जीवन और करियर की हर उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है।
सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी
अभिनेता ने कहा कि पद्मश्री सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी भी है। उनके अनुसार हर सम्मान के साथ समाज, देश और अपने कार्यक्षेत्र के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी, विनम्रता और उत्कृष्टता के मूल्यों का पालन करते हुए सिनेमा और देश की सेवा करते रहेंगे।
सिनेमा और परिवार को किया सम्मान समर्पित
अपने संदेश के अंत में माधवन ने लिखा कि वह इस सम्मान को भारतीय सिनेमा की जादुई दुनिया, अपने साथ काम करने वाले सभी कलाकारों और तकनीशियनों तथा अपने परिवार को समर्पित करते हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। उन्होंने सभी का धन्यवाद करते हुए अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के साथ किया।
इन फिल्मों में आएंगे नजर
आर. माधवन हाल ही में रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में स्पाईमास्टर अजय सान्याल की भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा वह जल्द ही आविष्कारक जीडी नायडू के जीवन पर आधारित बायोपिक ‘GDN’ में मुख्य भूमिका निभाते दिखाई देंगे। पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद फिल्म GDN के निर्माताओं ने भी उनके सम्मान में एक नया पोस्टर जारी किया।

