झारखंड को दिए दो राष्ट्रीय सम्मान

SGFI ने झारखंड को दो राष्ट्रीय सम्मान से किया सम्मानित, स्कूली खेलों में बढ़ा राज्य का गौरव

रांची, 28 जून 2026।

झारखंड ने स्कूली खेलों के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की वार्षिक आम बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची को वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट खेल आयोजन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए गए। यह उपलब्धि SGFI की आधिकारिक घोषणा में भी दर्ज है।

झारखंड को पहला सम्मान “Appreciation Award” के रूप में प्रदान किया गया। यह सम्मान भारतीय स्कूली टीमों के राष्ट्रीय चयन ट्रायल एवं कोचिंग कैंपों के सफल संचालन, उत्कृष्ट समन्वय तथा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया। SGFI ने अपने प्रशस्ति पत्र में झारखंड की खेल उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

दूसरे सम्मान के रूप में झारखंड को 69वें राष्ट्रीय स्कूली खेलों में “Best Organizer” श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। राज्य ने 35 में से 34.40 अंक अर्जित कर “Excellent Category” हासिल की। यह सम्मान 13 से 17 जनवरी 2026 तक रांची में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली साइकिलिंग (ट्रैक एवं रोड) तथा अंडर-14 बालक-बालिका शतरंज चैंपियनशिप के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सफल आयोजन के लिए दिया गया।

राष्ट्रीय मूल्यांकन के दौरान खिलाड़ियों के आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था, खेल अधोसंरचना, तकनीकी संचालन, परिवहन, स्वयंसेवी सहयोग तथा समग्र आयोजन प्रबंधन को उत्कृष्ट पाया गया। यह सम्मान SGFI के निदेशक श्री दीपक कुमार द्वारा प्रदान किया गया।

27 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित SGFI की वार्षिक आम बैठक में झारखंड की ओर से राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (खेल) श्री धीरसेन सोरेंग तथा खेल कोषांग के श्री चंद्रदेव सिंह ने राज्य की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन तथा राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (खेल) श्री धीरसेन सोरेंग ने खेल कोषांग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, आयोजन समिति, सहयोगी संस्थाओं और राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

यह उपलब्धि केवल दो पुरस्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड में विकसित हो रही खेल संस्कृति, बेहतर खेल अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण आयोजन क्षमता और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। इससे आने वाले वर्षों में झारखंड को देश के अग्रणी स्कूली खेल राज्यों में स्थापित करने की दिशा और अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!