खूंटी जिला फुटबॉल लीग 2026: एम .एस . सी फुटबॉल क्लब दूसरी बार चैंपियन

खूंटी | BD News Live On Network

रिपोर्ट: सक्षम पांडेय, स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट

खूंटी जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 12 जून से आयोजित खूंटी जिला फुटबॉल लीग 2026 का शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खूंटी में भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एम .एस . सी फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरु फुटबॉल क्लब को 2-0 से हराकर दूसरी बार जिला फुटबॉल लीग का खिताब अपने नाम किया। वहीं बेंगलुरु फुटबॉल क्लब लगातार दूसरी बार उपविजेता रही।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त खूंटी सह खूंटी जिला फुटबॉल संघ के चेयरमैन मोहम्मद जावेद हुसैन थे, जबकि विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को भी सम्मानित किया।

16 टीमों के 320 खिलाड़ियों ने लिया भाग

खूंटी जिला फुटबॉल संघ के सचिव चंद्रदेव सिंह ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 12 जून से शुरू हुई इस लीग में जिले के छह प्रखंडों की 16 टीमों के कुल 320 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के आधार पर खूंटी जिला फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा, जिसके लिए 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

खिलाड़ियों को मिलेगा हरसंभव सहयोग

उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन ने कहा कि खूंटी के खिलाड़ियों में प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। जिला प्रशासन फुटबॉल सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में खेल सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।

विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

व्यक्तिगत पुरस्कार विजेता

  • सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: मनोज (एमएसी फुटबॉल क्लब)
  • मैन ऑफ द मैच: सुरेश कौनगाड़ी
  • बेस्ट गोलकीपर: हर्ष महतो (अमित ब्रदर्स)
  • बेस्ट डिफेंडर: मनी (बेंगलुरु फुटबॉल क्लब)
  • इमर्जिंग प्लेयर: रोहित होरो (अमित ब्रदर्स)

चार नए रेफरी सम्मानित

समारोह के दौरान खूंटी जिला फुटबॉल संघ की जिला स्तरीय रेफरी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सुमन होरो, अनूप कुमार, अनुपम हंसा एवं मोहन गोस्वामी को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खेल प्रेमियों की रही भारी मौजूदगी

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष पीटर कौनगाड़ी, कार्यकारी अध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, सचिव चंद्रदेव सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील नायक, सहायक सचिव मनोहर नाग, कार्यकारिणी सदस्य मानसिंह मुंडा, परमानंद कुमार, नामजन मुरूम सोए, सोमा पूर्ति हंसा, आनंद कौनगाड़ी, राकेश सेठ, सनिका मुंडा, लालू कच्छप, विश्वनाथ मुंडा, अरविंद नाग सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

BD News Live On Network झारखंड के खेल जगत की हर बड़ी खबर सबसे पहले और सबसे विश्वसनीय तरीके से आपके लिए लेकर आता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!