मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निजी दौरे पर दिल्ली रवाना, सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म

रांची | आयुष आर्यन | BD News Live On Network

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सेवा विमान से निजी दौरे पर दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा को पूरी तरह निजी दौरा बताया गया है और दिल्ली में मुख्यमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं है।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री 5 या 6 जुलाई को रांची लौट सकते हैं। इसके बाद 8 और 9 जुलाई को दिल्ली में आयोजित स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन कार्यक्रम में भाग लेने के लिए एक बार फिर राजधानी जाने की संभावना है।

दौरे को लेकर सियासी अटकलें तेज

मुख्यमंत्री के इस निजी दौरे की पूर्व सार्वजनिक जानकारी नहीं दिए जाने के कारण झारखंड के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ राजनीतिक हलकों में इस दौरे को राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि कुछ लोग इसे कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू की राज्य में मौजूदगी से जोड़ रहे हैं।

गौरतलब है कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा हाल ही में अपने सभी सुरक्षा गार्डों और सुरक्षा वाहनों को वापस किए जाने की खबर भी राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनी हुई है। वहीं, कांग्रेस प्रभारी के. राजू भी पिछले एक दिन से झारखंड में हैं और पार्टी के प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।

पहले भी निजी दौरों पर हुई हैं चर्चाएं

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निजी दौरों को लेकर पहले भी अटकलों का दौर चलता रहा है। राज्यसभा चुनाव के बाद भी वह दिल्ली होते हुए मुंबई और पुणे गए थे, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हुई थीं।

हालांकि, अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस निजी यात्रा को लेकर किसी राजनीतिक बैठक या विशेष कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल सभी चर्चाएं केवल राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!