क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए शाहरुख खान के सह-स्वामित्व वाले नाइट राइडर्स ग्रुप ने दुनिया के पहले ऐसे वैश्विक क्रिकेट ब्रांड के रूप में इतिहास रच दिया है, जिसने अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम स्थापित किया है। लॉस एंजिलिस स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड ने आधिकारिक तौर पर अपने पहले मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मुकाबले की मेजबानी की, जहां लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स (LAKR) का सामना वॉशिंगटन फ्रीडम से हुआ।
यह अवसर केवल एक नए स्टेडियम के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका में क्रिकेट के लिए एक स्थायी, विश्वस्तरीय घरेलू मैदान की स्थापना का प्रतीक भी है। साथ ही, यह नाइट राइडर्स ग्रुप की उस दीर्घकालिक सोच को दर्शाता है, जिसके तहत विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना में निवेश कर क्रिकेट के विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, लॉस एंजिलिस को खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए बेहतरीन क्रिकेट अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस स्टेडियम में मुख्य स्क्वायर पर आठ विकेट, आईसीसी मानकों के अनुरूप खेल का मैदान, 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर तथा निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी का उपयोग कर विश्वस्तरीय खेल परिसर तैयार किया गया है।
नाइट राइडर्स ग्रुप के सह-स्वामी शाहरुख खान ने कहा,
“जो कभी एक सपना था, वह आज हकीकत बन चुका है। दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजिलिस तक लाना हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स के इस दीर्घकालिक सहयोग के माध्यम से हम सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं बना रहे, बल्कि ऐसा स्थान तैयार कर रहे हैं जो समुदाय, एकजुटता, ऊर्जा और मनोरंजन का उत्सव बने। यह केवल खेल के लिए नहीं, बल्कि परिवारों और यादगार पलों के लिए भी एक विशेष जगह होगी। हमें उम्मीद है कि यह मैदान लॉस एंजिलिस में क्रिकेट का स्थायी घर बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। यह लॉस एंजिलिस, दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार को समर्पित है। ‘बिलीव इन पर्पल एंड गोल्ड’।”
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा,
“नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, लॉस एंजिलिस सिर्फ एक स्टेडियम नहीं, बल्कि क्रिकेट के भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। दुनिया के पहले वैश्विक क्रिकेट ब्रांड के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम स्थापित करना नाइट राइडर्स ग्रुप के लिए गर्व का विषय है। हमारा मानना है कि क्रिकेट के विकास के लिए विश्वस्तरीय अवसंरचना बेहद जरूरी है। हमने ऐसा मैदान तैयार किया है जहां खिलाड़ी खेलना पसंद करें, दर्शक बार-बार आना चाहें और स्थानीय समुदाय इसे अपना क्रिकेटिंग घर मान सके।”
इस ऐतिहासिक अवसर को और खास बनाने के लिए एनबीए चैंपियन रॉन आर्टेस्ट, जिन्हें मेटा वर्ल्ड पीस के नाम से भी जाना जाता है, ने उद्घाटन मुकाबले में औपचारिक पहली गेंद फेंकी। लॉस एंजिलिस लेकर्स के पूर्व स्टार और शहर के सबसे चर्चित खेल सितारों में शामिल मेटा की मौजूदगी अमेरिकी मुख्यधारा के खेलों और क्रिकेट के बीच बढ़ते जुड़ाव का प्रतीक मानी जा रही है। यह नाइट राइडर्स ग्रुप की उस महत्वाकांक्षा को भी दर्शाता है, जिसके तहत क्रिकेट को लॉस एंजिलिस की समृद्ध खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, लॉस एंजिलिस में 1 जुलाई से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट के मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। इससे अमेरिका में टी20 क्रिकेट को नई पहचान मिलने के साथ-साथ देश में क्रिकेट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को भी और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

