मोरहाबादी साप्ताहिक हाट बंद होने पर भड़का सब्जी विक्रेताओं का आक्रोश, प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

रांची के मोरहाबादी में वर्षों से संचालित हो रहे साप्ताहिक हाट बाजार को प्रशासन द्वारा बंद किए जाने के फैसले के विरोध में शनिवार को सैकड़ों सब्जी विक्रेता सड़क पर उतर आए। अपने रोजगार पर संकट मंडराने से नाराज दुकानदारों ने जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।

जाम की समस्या बनी प्रशासनिक कार्रवाई की वजह

प्रशासन के अनुसार, मोरहाबादी में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार के कारण सुबह और शाम के समय लगातार यातायात प्रभावित हो रहा था और कई बार गंभीर जाम की स्थिति बन जाती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बाजार को बंद करने का निर्णय लिया। हालांकि इस फैसले के बाद बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया तथा वैकल्पिक स्थान पर दुकान लगाने का प्रस्ताव भी रखा।

रोजगार बचाने की गुहार, स्थायी व्यवस्था तक मोरहाबादी में ही बाजार लगाने की मांग

प्रदर्शन कर रहे सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि इस साप्ताहिक हाट से सैकड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। उनका आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बाजार बंद करने से उनकी रोजी-रोटी पर सीधा संकट खड़ा हो गया है। विक्रेताओं ने मांग की है कि जब तक प्रशासन उन्हें स्थायी और उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं कराता, तब तक मोरहाबादी में ही हाट बाजार लगाने की अनुमति दी जाए।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से लगातार वार्ता कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!