रांची: द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने मई 2026 में आयोजित CA Foundation परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। देशभर के 609 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 1,06,411 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 18,124 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। इस बार परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 20.09 प्रतिशत रहा।
रांची परीक्षा केंद्र से ईशा पोद्दार ने सर्वाधिक अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 पर नासिक की साक्षी जैन रहीं।
ऑल इंडिया और रांची केंद्र के टॉपर्स
आईसीएआई द्वारा जारी परिणाम के अनुसार साक्षी जैन (नासिक) ने 400 में 371 अंक हासिल कर ऑल इंडिया में पहला स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर अव्यान अवस्थी अग्राणी (चंद्रपुर) रहे, जिन्होंने 367 अंक प्राप्त किए। वहीं उमेश मुलाड (पुणे) ने 365 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
रांची केंद्र से कुल 548 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 81 उम्मीदवार सफल रहे।
रांची में ईशा पोद्दार ने 368 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अमृता केसरी ने 266 अंक के साथ दूसरा और सूरज अग्रवाल ने 260 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सफल विद्यार्थियों को ICAI रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनिश जैन, उपाध्यक्ष सीए विवेक खेतवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती तथा कार्यकारिणी सदस्यों सीए अभिषेक बेदिया, सीए शुभ्रनेश ठाकुर और सीए निशांत मोदी ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
CA फाउंडेशन: चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का पहला पड़ाव
आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रशांत कुमार ने कहा कि CA Foundation की सफलता चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
CA Foundation, चार्टर्ड अकाउंटेंसी कोर्स का पहला चरण है और इसे देश की प्रतिष्ठित पेशेवर परीक्षाओं में गिना जाता है। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की अकाउंटिंग, बिजनेस लॉ, गणितीय एवं विश्लेषणात्मक क्षमता तथा अर्थशास्त्र से संबंधित बुनियादी समझ का मूल्यांकन किया जाता है।
परीक्षा में सफल होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 40 प्रतिशत तथा सभी विषयों में कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है।
6 जुलाई को आएगा JCECEB B.Ed-M.Ed प्रवेश परीक्षा का परिणाम
इस बीच झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने B.Ed-M.Ed संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम 6 जुलाई को जारी करने की घोषणा की है।
यह परीक्षा 31 मई को आयोजित की गई थी। इसके बाद 3 जून को प्रारंभिक उत्तर कुंजी जारी की गई और 8 जून तक अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जिसके आधार पर परिणाम तैयार किया गया है।
LLM प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
छोटानागपुर लॉ कॉलेज, रांची ने LLM पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 17 जुलाई कर दी है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार रांची विश्वविद्यालय की LLB अंतिम वर्ष और BBA LLB अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अब 17 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि LLM प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित होगी।

