श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम में नई व्यवस्था, अब 2 से 5 मिनट में होंगे दर्शन; कूपन और सामान्य कतार होंगी अलग

देवघर: झारखंड के विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी बीच बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मंदिर प्रशासन ने शीघ्र दर्शन (VIP कूपन) और सामान्य कतार को अलग-अलग संचालित करने के लिए बनाए गए नए ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया है।

तकनीकी जांच पूरी होने के बाद यह नई व्यवस्था 15 जुलाई 2026 से लागू की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण एवं दर्शन का अवसर मिलेगा।

अब घंटों इंतजार से मिलेगी राहत

बाबा मंदिर प्रभारी सह देवघर एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि अब तक मंदिर के टी-जंक्शन पर शीघ्र दर्शन कूपन और सामान्य कतार एक ही मार्ग से गर्भगृह की ओर जाती थीं।

संकरे रास्ते के कारण दोनों कतारों के एक साथ मिल जाने से भारी भीड़ और लंबा जाम लग जाता था, जिससे श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ता था। शीघ्र दर्शन कूपन लेने वाले श्रद्धालुओं की ओर से भी इस व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

नए ओवरब्रिज से अलग-अलग संचालित होंगी दोनों कतारें

भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और स्थायी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर नए ओवरब्रिज का निर्माण कराया है।

नई व्यवस्था के तहत VIP कूपन और सामान्य कतार अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ेंगी और दोनों का प्रवेश बाबा बैद्यनाथ मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप व्यवस्थित ढंग से होगा।

प्रशासन का मानना है कि इससे भीड़ का दबाव कम होगा, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रहेगी और दर्शन व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।

सिर्फ 2 से 5 मिनट में होंगे बाबा बैद्यनाथ के दर्शन

एसडीएम रवि कुमार के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालु महज 2 से 5 मिनट के भीतर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन, पूजा-अर्चना और जलार्पण कर गर्भगृह से बाहर निकल सकेंगे।

प्रशासन को उम्मीद है कि इस हाईटेक व्यवस्था से श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और भीड़ प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!