बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; नामांकन कक्ष में सिर्फ पांच लोगों को मिलेगी अनुमति

बिहार: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन कर सकेंगे, जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।

उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।

पटना कलेक्ट्रेट में होगा नामांकन

नामांकन प्रक्रिया पटना कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय की दूसरी मंजिल पर संपन्न होगी। सभी नामांकन भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) के कोर्ट रूम में स्वीकार किए जाएंगे।

पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की तैनाती की गई है।

प्रशासन के निर्देशानुसार उम्मीदवारों को गेट नंबर-1 से प्रवेश करना होगा और उसी मार्ग से बाहर निकलना होगा।

कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट तक रहेगी कड़ी निगरानी

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इसके अलावा पटना गांधी मैदान थाना पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

उम्मीदवार अधिकतम तीन वाहन ही ला सकेंगे

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक उम्मीदवार अपने साथ अधिकतम तीन वाहन ही ला सकेगा। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

नामांकन कक्ष में उम्मीदवार सहित केवल पांच लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। परिसर में किसी भी प्रकार के लाइसेंसी हथियार लाने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा सरकारी या निजी बॉडीगार्ड को नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।

धारा 163 लागू, हर गतिविधि की होगी वीडियोग्राफी

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कारगिल चौक के पास सुबह 8 बजे से एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और फायर ब्रिगेड की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू करते हुए अनावश्यक भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही नामांकन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!