रांची: झारखंड में मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 5 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने, गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
6 और 7 जुलाई के लिए भी जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने 6 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
वहीं 7 जुलाई को रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में सीमित रहेगा, जबकि इसका अधिक प्रभाव पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
राज्य में अब भी सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश
मॉनसून के झारखंड में प्रवेश किए लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन राज्य में अब भी सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है।
1 जून से 4 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य वर्षापात 226.3 मिमी होना चाहिए था, जबकि इस अवधि में केवल 125.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यानी अब तक राज्य में 45 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के सभी 24 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
राजधानी रांची में भी सामान्य 235 मिमी वर्षा के मुकाबले 201.2 मिमी बारिश हुई, जो लगभग 14 प्रतिशत कम है।
बहरागोड़ा में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
शनिवार को राज्य में सबसे अधिक 23 मिमी बारिश बहरागोड़ा में रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा चाईबासा में 21 मिमी और जमशेदपुर में 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

