रांची: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 8 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह पूर्वानुमान 9 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
11 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी
मौसम केंद्र ने बताया है कि 11 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा बिजली गिरने की आशंका होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
इसके साथ ही प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

