एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म निर्माता विक्रमादित्य मोटवाने ने बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला पोस्टर और रिलीज डेट जारी कर दी है। भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन 8 जुलाई के अवसर पर सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।
पोस्टर में सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर के सबसे यादगार पलों में से एक को दिखाया गया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी आधिकारिक ऐलान किया गया है।
लॉर्ड्स बालकनी वाले ऐतिहासिक जश्न को किया गया रीक्रिएट
पोस्टर में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की बालकनी में सौरव गांगुली के मशहूर जश्न को दोबारा दिखाया गया है।
यह वही ऐतिहासिक पल था जब 13 जुलाई 2002 को भारत ने नेटवेस्ट सीरीज फाइनल में इंग्लैंड को दो विकेट से हराने के बाद सौरव गांगुली ने अपनी जर्सी उतारकर बालकनी से लहराई थी। उस समय इसे इंग्लैंड के ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के मुंबई में किए गए जश्न का जवाब माना गया था।
पोस्टर में राजकुमार राव भी उसी अंदाज में बिना शर्ट के नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है, “He Didn’t Just Play The Game, He Changed It.”
14 मई 2027 को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म के पहले पोस्टर के साथ मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
राजकुमार राव ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्टर साझा करते हुए सौरव गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं।
कुछ प्रशंसकों ने पोस्टर की सराहना की, जबकि कई लोगों ने इसके डिजाइन और राजकुमार राव के लुक को लेकर निराशा जताई। कई यूजर्स का मानना था कि पोस्टर उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और कुछ ने यह भी कहा कि राजकुमार राव का लुक सौरव गांगुली से पर्याप्त मेल नहीं खाता।
हालांकि फिल्म की घोषणा के बाद दर्शकों में इसके ट्रेलर और अन्य झलकियों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
अप्रैल 2026 से शुरू हुई फिल्म की शूटिंग
फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि निर्माण लव रंजन की लव फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2026 में शुरू हुई थी। पहला शेड्यूल ईडन गार्डन्स में फिल्माया गया, जबकि इसके बाद कोलकाता, मुंबई और लंदन में भी शूटिंग की गई।
फिल्म में तान्या मानिकतला सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली की भूमिका निभाएंगी, जबकि शाश्वत चटर्जी उनके पिता चंडी गांगुली का किरदार निभाते नजर आएंगे।

