जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित मानगो थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात मानगो के मुंशी मोहल्ला में हुई, जहां हमलावरों ने राजू उर्फ बच्चा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा हो रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच अधिकारी मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने और फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

