लातेहार: झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लातेहार जिले के हेसला गांव से भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमांडर और 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक एके-56 राइफल और एक पिस्टल भी बरामद की गई है। लंबे समय से फरार चल रहे रविंद्र गंझू की तलाश में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही थीं।
लोहरदगा, लातेहार और गुमला के जंगलों में था सक्रिय
झारखंड सरकार ने कुख्यात नक्सली रविंद्र गंझू पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह मुख्य रूप से लोहरदगा, लातेहार और गुमला जिलों के सीमावर्ती जंगलों में सक्रिय था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ 50 से अधिक नक्सल मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। वह कई वर्षों से माओवादी संगठन के लिए गतिविधियों का संचालन कर रहा था और सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
55 से अधिक हिंसक घटनाओं का मुख्य आरोपी
पुलिस के मुताबिक रविंद्र गंझू 55 से अधिक नक्सली हिंसा की घटनाओं का मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ कई पुलिसकर्मियों की हत्या सहित अनेक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के केस नंबर RC 2/22 में भी फरार चल रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर माओवादी संगठन के नेटवर्क, उसकी गतिविधियों और अन्य सक्रिय नक्सलियों के संबंध में अहम जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

