रांची: राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। डूरंड कप 2026 के 135वें संस्करण के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
सुरक्षा, फायर सेफ्टी और खिलाड़ियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में स्टेडियम की ब्रांडिंग, फायर सेफ्टी, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण और सुरक्षा प्रबंधन की विस्तार से समीक्षा की गई। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।
मैचों के दौरान मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक मुकाबले के अनुसार मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
इसके अलावा रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
18 जुलाई को निकलेगा डूरंड कप ट्रॉफी टूर
डूरंड कप को लेकर आम लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना द्वारा 18 जुलाई 2026 को रांची में ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिष्ठित ट्रॉफी को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक फुटबॉल प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
खेल संस्कृति को मिलेगा नया आयाम
राज्य सरकार का मानना है कि रांची में पहली बार डूरंड कप की मेजबानी से झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। साथ ही राज्य के युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर मिलेगा।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

