झारखंड में मानसून के साथ वज्रपात का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक प्रभावित रामगढ़ जिला रहा, जहां चार लोगों की जान चली गई। वहीं गिरिडीह और हजारीबाग में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों तक राज्य में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
रामगढ़ में चार लोगों की मौत
रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई। सांकुल गांव में खेत में काम कर रहीं रेखा देवी (48) और उनकी बेटी रोशनी कुमारी (22) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं लाताड़ पंचायत के पलानी गांव में खेत में काम कर रही सुलेखा देवी उर्फ सुशांति (30) की भी वज्रपात से मौत हो गई। इसके अलावा दोहाकात पंचायत के पारलोलो टोला निवासी प्रमिला देवी (32) की भी बिजली गिरने से जान चली गई।
गिरिडीह और हजारीबाग में भी गई जान
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में दीपिका नाम की एक बच्ची की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र में भी एक बच्ची की वज्रपात की चपेट में आने से मौत होने की सूचना है।
अगले पांच दिन सक्रिय रहेगा मानसून
आईएमडी के रांची मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड में अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। 4 से 6 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में 65 से 115 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
6 अगस्त को इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 5 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के जिलों में भारी बारिश की संभावना अधिक रहेगी। वहीं 6 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में फिर से भारी वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है—
- पलामू
- गढ़वा
- चतरा
- लातेहार
- हजारीबाग
- कोडरमा
- रामगढ़
- रांची
- लोहरदगा
- गुमला
- खूंटी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करें।

