तमिलनाडु सरकार ने अपने पहले बजट में महिलाओं के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की है। बुधवार को वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने बजट 2026 पेश करते हुए बताया कि ‘ब्रदर्स गिफ्ट स्कीम’ के तहत विवाह के अवसर पर महिलाओं को 8 ग्राम का सोने का सिक्का और सिल्क की साड़ी प्रदान की जाएगी। इस योजना के लिए सरकार ने 812 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है।
चुनावी वादे को बजट में मिली जगह
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान अपने घोषणापत्र में महिलाओं को यह लाभ देने का वादा किया था। सरकार ने अपने पहले बजट में इस घोषणा को शामिल कर चुनावी वादे को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ विवाह के अवसर पर सहायता प्रदान करना है।
खेलों के विकास पर भी विशेष जोर
महिलाओं के लिए नई योजना के अलावा बजट में खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। राज्यभर में 10 ओलंपिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 5.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, तमिलनाडु को अंतरराष्ट्रीय खेलों में नई पहचान दिलाना और भविष्य में ओलंपिक पदक जीतने के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।

