रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरना और अनशन पर बैठे छात्रों तथा राज्य सरकार के बीच प्रस्तावित वार्ता फिलहाल टल गई है। छात्रों ने साफ कहा है कि बातचीत मीडिया की मौजूदगी में होनी चाहिए। यदि यह संभव नहीं है तो पूरी वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। इसी मांग के चलते अब तक बातचीत के लिए समय और स्थान तय नहीं हो सका है।
मीडिया के सामने वार्ता की मांग पर अड़े छात्र
छात्रों के प्रवक्ता पीयूष कुमार ने बताया कि सरकार के साथ वार्ता को लेकर अभी तक न तो कोई स्थान तय हुआ है और न ही समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्र पूरी पारदर्शिता के साथ बातचीत चाहते हैं। यदि मीडिया की मौजूदगी संभव नहीं हो तो कम से कम पूरी बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए, ताकि बातचीत की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
सूत्रों के अनुसार, छात्रों की इस शर्त पर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यही कारण है कि फिलहाल वार्ता आगे नहीं बढ़ सकी है और दोनों पक्ष एक-दूसरे के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार ने बनाई मंत्रियों की समिति
गौरतलब है कि एक दिन पहले छात्रों ने सरकार के साथ बातचीत के लिए सहमति जता दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने वार्ता के लिए मंत्रियों की एक समिति गठित की है।
इस समिति में सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा, दीपिका पांडेय सिंह, संजय प्रसाद यादव तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह शामिल हैं। यह समिति छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों पर चर्चा करेगी।
हालांकि, वार्ता की प्रक्रिया छात्रों की पारदर्शिता संबंधी मांग पर फिलहाल अटकी हुई है। अब सभी की नजर सरकार के अगले फैसले और संभावित बातचीत की नई तारीख पर टिकी हुई है।

