चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार की दोपहर कोबरा जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के बीच स्थित मारंगपोगा और तेताई के जंगलों में हुई।
सूत्रों के अनुसार, दोनों ओर से करीब 45 मिनट से एक घंटे तक गोलियां चलीं। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोबरा की विशेष टीम नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्च अभियान पर निकली थी, तभी जंगल में छिपे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया और दोनों ओर से गोलीबारी होती रही।
सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे इलाके की तलाशी ले रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि नक्सली दस्ते को भारी नुकसान हुआ हो सकता है।
