छोटानागपुर रॉयल्स ने जीता झारखंड टी20 लीग का पहला खिताब

रांची: झारखंड टी20 क्रिकेट लीग के पहले संस्करण का खिताब छोटानागपुर रॉयल्स ने अपने नाम कर लिया। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया।

खचाखच भरे स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए।

हर्ष राणा ने संभाली पारी

स्टीलर्स की शुरुआत अच्छी रही। कुमार करण ने 28 रन और कप्तान कुमार देवव्रत ने 39 रन बनाकर पहले विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की। हालांकि इसके बाद टीम का मध्यक्रम लड़खड़ा गया और स्कोर 11.5 ओवर में 90/5 हो गया।

मुश्किल परिस्थिति में हर्ष राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में दुर्गेश कुमार (1/15), सुप्रियो चक्रवर्ती (1/19), चंदन कुमार मुखी (1/23), विकास सिंह (1/37) और राहुल राजक (1/62) ने एक-एक विकेट हासिल किया।

कुशाग्र और द्विवेदी ने दिलाई जीत

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की शुरुआत खराब रही और कप्तान विराट सिंह केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद एमडी नाजिम सिद्दीकी ने 24 गेंदों पर 38 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को संभाला। फिर कुमार कुशाग्र और हिमांशु द्विवेदी ने तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच पूरी तरह रॉयल्स के पक्ष में कर दिया।

हिमांशु द्विवेदी ने 33 गेंदों पर 51 रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र ने 39 गेंदों पर नाबाद 78 रनों की तूफानी पारी खेली।

रॉयल्स ने 17.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 184 रन बनाते हुए 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और झारखंड टी20 लीग के पहले चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से अमन कुमार सिंह ने 2 विकेट और अनुराग सिंह सेंगर ने 1 विकेट लिया, लेकिन रॉयल्स की दमदार बल्लेबाजी के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!