खनिज क्षेत्र में रिकॉर्ड प्रगति, सरकार ने 56 ब्लॉकों की नीलामी कर रचा नया अध्याय

नई दिल्ली। देश में महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय खान मंत्रालय ने सातवें चरण की नीलामी के तहत 10 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों का सफल आवंटन किया है। इसके साथ ही अब तक देश में कुल 56 खनिज ब्लॉकों की नीलामी पूरी हो चुकी है।

मंत्रालय के अनुसार, अब तक कुल 88 खनिज ब्लॉक नीलामी के लिए पेश किए गए थे, जिनमें से 56 ब्लॉकों का सफल आवंटन हुआ है। यह 63 प्रतिशत से अधिक की सफलता दर को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि इससे देश में महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और उत्पादन को नई गति मिलेगी।

सातवें चरण की नीलामी में पहली बार गुजरात, उत्तराखंड और तेलंगाना के क्रिटिकल मिनरल ब्लॉकों को शामिल किया गया। इन ब्लॉकों में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, वैनाडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट और रॉक फॉस्फेट जैसे महत्वपूर्ण खनिज मौजूद हैं।

इसके अलावा, खान मंत्रालय ने एक्सप्लोरेशन लाइसेंस की दूसरी चरण की नीलामी भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अब तक कुल 11 एक्सप्लोरेशन लाइसेंस ब्लॉकों का आवंटन किया जा चुका है। पहली बार अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में ऐसे ब्लॉकों की नीलामी की गई है।

मंत्रालय का कहना है कि इन नीलामियों से खनिज क्षेत्र में निवेशकों और उद्योगों का विश्वास बढ़ा है। इससे स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा और आधुनिक विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सरकार का मानना है कि इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और देश की खनिज आपूर्ति श्रृंखला अधिक मजबूत बनेगी। साथ ही भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!