झारखंड में सुस्त पड़ा मॉनसून, कई जिलों में लू का असर बरकरार; रांची में आज से 30 जून तक बारिश

झारखंड में सुस्त पड़ा मॉनसून, कई जिलों में लू का असर; रांची में 30 जून तक बारिश के आसारझारखंड में मॉनसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 25 से 30 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 25 जून को रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 1 से 24 जून के बीच राज्य में सामान्य से 58 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां सामान्य वर्षापात 132.2 मिमी होना चाहिए था, वहीं केवल 55.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है।

25 और 26 जून को बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 जून को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल गरजने, वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं गढ़वा, पलामू और चतरा सहित उत्तर-पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है। 26 जून को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन होने की संभावना है।

कई जिलों में गर्मी और उमस से नहीं मिली राहत

राज्य में मॉनसून के प्रवेश के बावजूद लोगों को लगातार झमाझम बारिश का इंतजार है। बुधवार को रांची में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बोकारो में हल्की बारिश हुई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस, मेदिनीनगर का 39.6 डिग्री, जमशेदपुर का 37.6 डिग्री, बोकारो का 36.2 डिग्री और चाईबासा का 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में अब भी लू की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से पूरी राहत नहीं मिल पा रही है।

बारिश के बाद सड़कों पर बहा नालियों का पानी

राजधानी रांची में बुधवार को हुई बारिश के बाद नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। खेलगांव चौक, बरियातू रोड, सेवा सदन पथ, रातू रोड, डिस्टिलरी पुल के पास और सिरमटोली चौक सहित कई इलाकों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। एक ओर बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलनिकासी की समस्या के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!