वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही, काराकस में इमारतें ढहीं; हजारों मौतों की आशंका

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में एक मिनट के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, 10,000 से 1,00,000 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी जारी है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार देर रात सेंट्रल वेनेजुएला में 7.1 और उत्तरी वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, 7.1 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र मोंटाल्बान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में था। तेज तीव्रता के कारण देश के बड़े हिस्से में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए।

भूकंप के बाद वेनेजुएला के नागरिक सुरक्षा तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार उत्तरी वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद राजधानी काराकस में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।

गृहमंत्री ने लोगों से घर खाली करने की अपील की

भूकंप के समय वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों के अपने घरों में मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका व्यक्त की गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक 10,000 से अधिक लोगों की मौत की आशंका है। राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में बहुमंजिला इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई भवन ढह गए हैं। काराकस एयरपोर्ट पर भी छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टर्मिनल के भीतर धूल का गुबार फैल गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।

वेनेजुएला के गृहमंत्री डियोसदादो काबेलो ने नागरिकों से तुरंत अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी भूकंप से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें ढही हुई इमारतें और अफरा-तफरी का दृश्य देखा जा सकता है।

कई राज्यों में महसूस हुए झटके

गृहमंत्री ने सरकारी टेलीविजन से बातचीत में बताया कि देश के कई राज्य इस भूकंप से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संकेत बताते हैं कि भूकंप की तीव्रता 7 से अधिक थी। उनके अनुसार राजधानी काराकस के अलावा त्रूजिलो, याराकुई, काराबोबो, अरागुआ, मिरांडा और ला-गुआइरा में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। काराकस के पालोस ग्रांदेस और अल्तामीरा इलाके सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक महसूस किए गए। व्यापक प्रभाव के कारण अभी कुल नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो सका है।

जापान और भारत में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

इसी दौरान जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में भी भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 मापी गई। वहीं जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। फिलहाल वहां किसी जनहानि या परमाणु रिएक्टर को नुकसान की सूचना नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने पहले सुनामी की चेतावनी जारी की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!