By SAKSHAM VIDHU PANDEY
व्हाट्सऐप ने अपने 3 अरब से अधिक यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर पेश किया है। इस अपडेट के बाद यूजर्स अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी दूसरे लोगों से जुड़ सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए Username फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से कोई भी व्यक्ति फोन नंबर की जगह यूनिक यूजरनेम के जरिए आपको व्हाट्सऐप पर खोजकर मैसेज भेज सकेगा।
कंपनी के अनुसार यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए उपयोगी होगा, जो नए लोगों या किसी ग्रुप से जुड़ते समय अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
पहली बार संपर्क के लिए मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा
व्हाट्सऐप ने इस फीचर के साथ सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यूजरनेम की कोई सार्वजनिक सर्च लिस्ट उपलब्ध नहीं होगी। किसी व्यक्ति से पहली बार संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना आवश्यक होगा।
इसके अलावा यूजर्स चाहें तो चार अंकों का अतिरिक्त सिक्योरिटी कोड भी सक्रिय कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में नया व्यक्ति तभी मैसेज भेज सकेगा, जब उसके पास यूजरनेम के साथ वह सिक्योरिटी कोड भी होगा।
हालांकि जिन लोगों के पास आपका मोबाइल नंबर पहले से सेव है, जो पहले से आपके साथ चैट कर चुके हैं या किसी कॉमन ग्रुप में मौजूद हैं, उनके लिए इस अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता नहीं होगी।
ऐसे बना सकेंगे अपना Username
लेटेस्ट व्हाट्सऐप अपडेट इंस्टॉल करने के बाद यूजर्स Settings > Account > Username विकल्प में जाकर अपना यूनिक यूजरनेम बना सकेंगे। यदि पसंद का यूजरनेम उपलब्ध नहीं होगा, तो व्हाट्सऐप वैकल्पिक यूजरनेम सुझाएगा, जिसे यूजर चुन सकता है।
फर्जी पहचान और धोखाधड़ी रोकने की पहल
व्हाट्सऐप का कहना है कि यह फीचर फर्जी पहचान और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पहले से मौजूद यूजरनेम को उनके वास्तविक मालिकों के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है, ताकि कोई अन्य व्यक्ति उनका गलत इस्तेमाल न कर सके।
कंपनी का दावा है कि इस नए फीचर से यूजर्स की प्राइवेसी पहले की तुलना में और अधिक मजबूत होगी तथा व्हाट्सऐप पर सुरक्षित तरीके से नए लोगों से जुड़ना आसान हो जाएगा।

