रांची: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के E-20 पेट्रोल को लेकर दिए गए हालिया बयान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया के माध्यम से तंज कसते हुए कहा कि “बुरे दिनों का आम पेट्रोल, अच्छे दिनों में प्रीमियम और तिगुनी कीमत का हो गया है।”
झामुमो ने अपने संदेश में आगे लिखा कि “भाजपा हटाओ, महंगाई भगाओ।”
क्या कहा था नितिन गडकरी ने?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि यदि कोई उपभोक्ता E-20 पेट्रोल का उपयोग नहीं करना चाहता, तो उसके लिए विकल्प उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की बजाय अधिक कीमत देकर प्रीमियम पेट्रोल खरीदना होगा।
गडकरी का कहना था कि E-20 के इस्तेमाल से माइलेज कम होने या इंजन खराब होने के दावों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है।
उड़ने वाली बस वाले बयान पर भी झामुमो ने साधा था निशाना
इससे पहले भी झामुमो ने नितिन गडकरी के “हवा में उड़ने वाली बस” संबंधी बयान पर कटाक्ष किया था।
दरअसल, गडकरी ने कहा था कि वे परिवहन क्षेत्र में नई तकनीकें लाने पर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने पानी में उतरने वाले विमान का उदाहरण देते हुए भविष्य में उड़ने वाली बस लाने की योजना का भी उल्लेख किया था।
इस पर झामुमो ने तंज करते हुए कहा था कि “उड़ने वाली बस एथनॉल से नहीं चलेगी। कहीं बाकी वाहनों की तरह वह भी हवा में झटके न खाने लगे।”
देशभर में E-20 पेट्रोल पर जारी है बहस
देश में इन दिनों E-20 पेट्रोल को लेकर व्यापक चर्चा चल रही है।
कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों ने दावा किया है कि एथनॉल मिश्रित ईंधन के उपयोग से उनकी गाड़ियों का माइलेज प्रभावित हुआ है और इंजन संबंधी समस्याएं भी सामने आई हैं।
हालांकि, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन दावों को लेकर कहा है कि अब तक ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि E-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से इंजन खराब होता है या माइलेज घटता है।l
